Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। मेवला महाराजपुर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी कि वह फेसबुक के जरिए ठगों के संपर्क में आया। ठगों ने उसे ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
ठगों ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर उसका अकाउंट खुलवाया और पैसे निवेश करने को कहा। शुरुआत में पीड़ित ने 50 हजार रुपये डाले, जो उसके अकाउंट में USDT के रूप में दिखने लगे। इसके बाद वह ठगों के कहने पर लगातार पैसे निवेश करता रहा और कुल 7 लाख 20 हजार रुपये जमा कर दिए।
जब पीड़ित ने अपना पैसा मुनाफे सहित निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने मोहम्मद शकेब अरसद, निवासी जसपुर (जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी लकड़ी (टिम्बर) का काम करता है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया हुआ था। उसके खाते में ठगी के 1.50 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

