Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में लोन दिलाने का झांसा देकर 46,970 रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों को 27 अप्रैल को नरवाना से पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान अनिल कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो जींद जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, न्यू बसेल्वा कॉलोनी के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर लोन से जुड़ा एक विज्ञापन देखा। उसने लिंक पर क्लिक कर अपनी पत्नी के नाम से फॉर्म भर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी को कॉल आई, जिसमें 10 लाख रुपये का लोन मंजूर होने की बात कही गई।
ठगों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उससे 46,970 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए, लेकिन लोन नहीं दिया। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि अनिल ने फेसबुक पर फर्जी लोन का विज्ञापन चलाया था और लोगों से संपर्क कर उन्हें झांसा देता था। वहीं मनीष ने एक अन्य व्यक्ति नवीन का बैंक खाता अनिल को उपलब्ध कराया, जिसमें ठगी की रकम आई। पुलिस पहले ही खाताधारक नवीन को गिरफ्तार कर चुकी है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

