Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल के शवगृह में मेडिको लीगल केस (एमएलसी) से जुड़े शवों की सुरक्षा और उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए परिजनों को सौंपे जाने के मामले में अब स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से कमेटी गठित कर यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है कि एमएलसी दर्ज होने के बावजूद शव को शवगृह से बाहर कैसे ले जाया गया और इस दौरान किस स्तर पर लापरवाही हुई।
गले पर निशान मिलने के बाद दर्ज हुआ था एमएलसी
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी 65 वर्षीय दुलारी देवी फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में अपनी बेटी आकांक्षा के घर आई हुई थीं। शनिवार रात सांस लेने और बोलने में परेशानी होने पर परिजन उन्हें बीके अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला के गले पर निशान देखकर डॉक्टरों को मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके बाद मेडिको लीगल केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के लिए शव शवगृह में रखवा दिया गया।
पुलिस पहुंची तो शवगृह से गायब मिला शव
आरोप है कि रविवार को परिजन शवगृह कर्मचारी पर दबाव बनाकर बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव अपने साथ ले गए। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। बाद में जब पुलिस पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंची तो शव वहां नहीं मिला। जांच में पता चला कि परिजन शव लेकर गाजियाबाद के लाल कुआं पहुंच चुके हैं।
पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर लाल कुआं में अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इसके बाद शव वापस मंगवाया गया और बीके अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। कमेटी अस्पताल के रिकॉर्ड, शवगृह की प्रक्रिया और कर्मचारियों की भूमिका की जांच करेगी। जांच में जिस भी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

