May 3, 2024

नहाय-खाए के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व

Faridabad/Alive News : जिले में चार दिवसीय छठ महापर्व की आज से शुरुआत हो गयी है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को शहर में जगह-जगह नहाय खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। रविवार को लोगों ने छठ को लेकर खरीदारी की। इससे बाजार में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।

पूर्वांचल के मूल निवासियों के साथ स्थानीय लोगों में भी छठ को लेकर उत्साह दिखाई दिया। सोमवार को आयोजित किए जाने वाले छठ महोत्सव की तैयारियों में सामाजिक संस्थाएं भी जुटी रहीं। कई जगह पूजन सामग्री के बाजार सजे और लोगों ने खरीदारी की। सोमवार को लौकी, चावल और चने की दाल के सेवन से छठ पर्व शुरू हो गया है। रविवार को घरों को संवारने और मिट्टी का चूल्हा बनाने का भी सिलसिला दिखाई दिया। सोमवार को महिलाएं इसी चूल्हे पर व्यंजन पकाएंगी।