March 29, 2024

ई-मौसम की जानकारी से किसानों को होगा लाभ : डॉ. रामनिवास

Palwal/ Alive News : हिसार के कृषि विज्ञान केन्द्र, मंडकौला में राष्ट्रीय कृषि विकास परियोजना के अंतर्गत हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग द्वारा ई-मौसम की जानकारी के लिए कियोस्क सिस्टम लगाया गया है।

इस सिस्टम का आज डॉ. रामनिवास, निदेशक शिक्षा विस्तार, सी.सी.एस.एच.ए.यू., हिसार ने उद्घाटन किया। निदेशक ने बताया कि इसके माध्यम से किसान मौसम सम्बधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उसी के अनुरूप अपने कृषि कार्य कर सकेगेें। इस यन्त्र के द्वारा हमारा क्षेत्र सीधा मौसम की जानकारी प्राप्त कर पाएगा और इस सिस्टम से हमारा क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरा देश भी हमारे क्षेत्र से जुड़ जाएगा।

यह कृषि क्षेत्र में एक अग्रणी कदम है, जिसके कारण हमारे क्षेत्र के किसान अपनी फसलों की सिंचाई मौसम के अनुसार तय कर सकेंगे, ताकि उनकी फसल अधिक पानी से खराब ना हो और वह पानी की बचत भी कर सके।

इस अवसर पर डॉ. डी.वी. पाठक वरिष्ठ संयोजक, डॉ. कान्ता सभ्रवाल, पूर्व सरपंच बीर सिंह, सुरेन्द्र नम्बरदार, बुद्धराम अन्य किसान भाईयों व स्टाफ मैम्बरस ने निदेशक का बुक्का एंव फूलमाला से स्वागत किया। डॉ. पाठक ने बताया कि इस सिस्टम से हमारे जिले के किसानों को बहुत लाभ होगा और इसके साथ-साथ उन्हें फसलों से संबंधित बहुत सी जानकारियां भी सिस्टम के द्वारा मिलती रहेंगी।