May 9, 2024

फरीदाबाद: सरूरपुर गांव में चुनाव के नतीजे आते ही हुआ हंगामा, कई पुलिसकर्मी घायल, एक दर्जन से अधिक हिरासत में

Faridabad/Alive News: गांव सरूरपुर में सरपंच चुनाव का नतीजा घोषित होते ही हंगामा शुरू हो गया। वोट में गड़बड़ी करने के आरोप में कुछ लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। वहीं पुलिस की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस घटना के दौरान पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्त में लिया है।

बता दे कि आज फरीदाबाद समेत चार जिलों में पंच और सरपंचों के लिए मतदान हुआ। शाम को नतीजे घोषित हुए। फरीदाबाद के सरूरपुर गांव में नतीजे घोषित होते ही कुछ लोग विरोध करने लगे। धीरे-धीरे विरोध ने पथराव का रूप ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया। जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोट आई है।

बताया जा रहा है कि गंभीर चोट लगने पर गांव के एक युवक को निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया और कई पीसीआर सहित अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस घटनाक्रम से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई है। वहीं पुलिस द्वारा आरोपियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ने की भी सूचना है। खबर लिखे जाने तक मिली सूचना के मुताबिक एक विशेष समुदाय द्वारा चुनाव जीते जाने से कुछ लोगों ने नाराज होकर पथराव करते हुए वोट की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। फिलहाल गांव की हालत तनावपूर्ण है। जगह जगह पुलिस मौजूद हैं।