July 28, 2026

बारिश के बीच भी मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रही फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस

बारिश के दौरान फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस यातायात संभालते हुए और सड़क हादसे के बाद राहत कार्य करती हुई।

Faridabad/Alive News: लगातार बारिश और उमस भरे मौसम के बावजूद फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार ड्यूटी पर तैनात है। सोमवार को बारिश के दौरान जिले के प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों और व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला, जिससे शहर में लंबे समय तक जाम की स्थिति नहीं बनने दी गई।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को बल्लभगढ़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही एक ब्रेज़ा कार अचानक ब्रेक लगाने के कारण चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इस दौरान कार की टक्कर एक मोटरसाइकिल से हो गई, जिससे बाइक सवार घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जोनल अधिकारी एएसआई नरेंद्र और कॉन्स्टेबल बबली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जल्द बहाल हो गया और लंबा जाम नहीं लगने दिया गया।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बारिश हो या तेज धूप, पुलिसकर्मी लगातार सड़क पर तैनात रहकर यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सहायता का कार्य कर रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि मानसून के दौरान वाहन सावधानी से चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।