Faridabad/Alive News: नेहरू ग्राउंड स्थित लोहा मंडी में काम करने वाले 40 वर्षीय ट्रैक्टर चालक जगदीश की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर खराब होने के बाद उसके मालिक पवन ने जगदीश के साथ डंडे से मारपीट की थी। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जगदीश पिछले करीब 15 साल से लोहा मंडी में ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था। 7 अक्टूबर को वह रोजाना की तरह काम पर गया था। बताया जा रहा है कि उस दिन ट्रैक्टर में उसकी क्षमता से ज्यादा लोहा लादा गया था। जब ट्रैक्टर नीलम फ्लाईओवर पर चढ़ रहा था, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा और इंजन सीज हो गया।
परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर खराब होने के बाद मालिक पवन ने जगदीश को बुरा-भला कहा। इसके अगले दिन सुबह पवन उसके घर पहुंचा और वहां डंडे से उसकी पिटाई की। मारपीट में जगदीश को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की भाभी रेनू ने आरोप लगाया कि मारपीट के कारण परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सेक्टर-11 चौकी इंचार्ज सुखबीर के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

