November 24, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7.65 लाख रुपये की ठगी, दिल्ली से खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad Cyber Police arrested an accused in a Telegram task fraud case.

Faridabad/Alive News: पार्ट टाइम नौकरी और टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7,65,839 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के इंद्रपुरी वेस्ट निवासी सुरेश के रूप में हुई है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पर्वतीय कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को उसके पास एक युवती का फोन आया था। युवती ने उसे पार्ट टाइम नौकरी का ऑफर दिया और व्हॉट्सऐप पर एक टेलीग्राम आईडी भेजी। शिकायतकर्ता के टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के बाद उसे प्रीपेड टास्क दिए जाने लगे।

शुरुआत में टास्क के नाम पर निवेश करने के लिए कहा गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 7,65,839 रुपये जमा कर दिए। हालांकि, उसे न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही कोई मुनाफा दिया गया। इसके बाद उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुरेश के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये आए थे। आरोपी ने अपना बैंक खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। वह बीकॉम पास है और प्राइवेट नौकरी करता है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।