November 24, 2026

क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने देसी कट्टा के साथ आरोपी पकड़, एसजीएम नगर से ऑटो चोरी का खुलासा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 टीम ने 23 नवंबर को एक आरोपी को अवैध देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करनेरा गांव स्थित बिहारी कॉलोनी निवासी विजय के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि बिहारी कॉलोनी निवासी विजय के पास अवैध हथियार है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी को आईएमटी क्षेत्र के गांव सोतई के पास से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ सदर बल्लभगढ़ थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

​पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह देसी कट्टा उत्तर प्रदेश के मथुरा से 2,500 रुपये में खरीदकर लाया था। उस पर पहले भी अवैध हथियार और चोरी के मामले दर्ज हैं। साथ ही, पूछताछ के दौरान एसजीएम नगर क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की वारदात का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।