तिगांव निवासी व्यक्ति के खाते से उड़ाए थे 2,27,087 रुपये, साइबर थाना बल्लभगढ़ ने गाजियाबाद से पकड़े आरोपी
Faridabad/Alive News: फोन हैक कर बैंक खाते से 2,27,087 रुपये निकालने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी सलमान और अरबाज के रूप में हुई है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तिगांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 जुलाई 2026 को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया और अपने आप चलने लगा। इसके कुछ समय बाद उसके बैंक खाते से 2,27,087 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सलमान ने अपना बैंक खाता अरबाज को दिया था। अरबाज ने यह खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी की रकम में से 22 हजार रुपये आए थे।
पुलिस के मुताबिक, सलमान दसवीं पास है और फैब्रिकेशन का काम करता है, जबकि अरबाज 12वीं पास है और सिलाई का काम करता है। दोनों आपस में मौसेरे भाई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

