Faridabad/Alive News: फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने घोषणा की है कि शहर में 7 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की विस्तृत कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई।
निगम आयुक्त ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक किलोमीटर सड़क को सुंदर और स्वच्छ बनाने पर काम किया जाएगा। इसमें सड़क सफाई, सड़क मरम्मत, सेंटर वर्ज की मरम्मत, पौधारोपण, ग्रीन बेल्ट का रखरखाव और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट का निस्तारण शामिल रहेगा।
अभियान के पहले चरण में शहर की 600 किलोमीटर से अधिक प्रमुख सड़कों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद इसे अन्य क्षेत्रों और गलियों तक विस्तार दिया जाएगा, ताकि पूरे शहर में समान रूप से स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के लिए जल्द ही विभागवार टीमें गठित की जाएं और हर क्षेत्र में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सड़क के बीच स्थित सेंटर वर्ज की मिट्टी को लगभग छह इंच तक हटाया जाए, ताकि बारिश के दौरान मिट्टी सड़क पर न फैले और पौधों को सही पोषण मिल सके। इससे न केवल सफाई बेहतर होगी बल्कि वायु प्रदूषण को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।
निगम आयुक्त ने मानसून को ध्यान में रखते हुए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने पर भी जोर दिया, ताकि शहर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। साथ ही, पार्कों और ग्रीन बेल्ट की नियमित देखरेख के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने और C&D वेस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और चालान काटे जाएंगे।
निगम आयुक्त ने यह भी कहा कि स्वच्छ फरीदाबाद केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, इसमें नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और रोटरी क्लब जैसे समूहों की भागीदारी जरूरी है। इसी सहयोग से अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
बैठक में नगर निगम और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

