June 30, 2026

फरीदाबाद में जुआ रैकेट पर कार्रवाई, 5 गिरफ्तार और 61 हजार बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा जुआ मामलों में गिरफ्तार आरोपी और बरामद नकदी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल 61,720 रुपये की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई 29 जून को अपराध शाखा सेक्टर-16 और एनआईटी टीम द्वारा की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि खेड़ीपुल सब्जी मंडी के पास कुछ लोग सट्टा खाई का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की गई, जिसमें चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इसराइल (लीलावती एन्क्लेव फेज-2, सेक्टर-71), आकाश (गांव फतेहपुर बिल्लौच), विनोद (एनआईटी-2) और रोहित (हार्डवेयर चौक की झुग्गी) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 50,720 रुपये की जुआ राशि बरामद की गई।

इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने सतीश (एनआईटी, फरीदाबाद) को लेजर वैली पार्क के पास सट्टा खाई करते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से 11 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई।

सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।