June 30, 2026

फरीदाबाद जनसुनवाई में 20 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर समाधान

फरीदाबाद जनसुनवाई शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनतीं मेयर प्रवीण बत्रा जोशी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर में इस बार 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। शिविर की अध्यक्षता महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने की, जबकि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा भी मौजूद रहे और उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई शिविर में पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, नालों की सफाई और प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं। रामनगर कॉलोनी, सेक्टर-21सी, मीरजापुर गांव और सैनिक कॉलोनी से आए लोगों ने जल आपूर्ति, अतिक्रमण और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं उठाईं।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे समस्याओं का तुरंत निस्तारण संभव होता है।

नगर निगम ने यह भी बताया कि आने वाले समय में जनसुनवाई शिविर हर सोमवार सुबह 10 बजे से 12 बजे तक नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।