Faridabad/Alive News: गांव सोतई में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी, फरसा और तलवार से हमला करने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हमले में युवक को काफी चोटें आई थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर हमला करने की योजना बनाई थी। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता ओमप्रकाश ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की सुबह गांव की हरिजन चौपाल के पास नाई की दुकान के नजदीक कुछ युवक उसके भतीजे नवीन पर हमला कर रहे थे। उनके हाथों में फरसा, कुल्हाड़ी और तलवार जैसे हथियार थे। हमले में नवीन को काफी चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने संदीप निवासी गांव सोतई, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संदीप के चचेरे भाई और नवीन के बीच काफी समय पहले कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते संदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर नवीन को पीटने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथियों को भेजकर नवीन के साथ मारपीट करवाई।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया करेगी। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

