July 8, 2026

सेक्टर-4 में युवक की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद सेक्टर-4 हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार।

Faridabad/Alive News: सेक्टर-4 में युवक की कथित हत्या के मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-8 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बजरंगी, रोहित उर्फ बोना निवासी पटेल नगर, सेक्टर-4 और गोलू निवासी चावला कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पटेल नगर निवासी विकास ने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दी थी कि 5 जुलाई को पैसों के लेनदेन को लेकर उसके बड़े भाई प्रभात के साथ शुभम, रोहित उर्फ बोना, बजरंगी और अन्य लोगों ने मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन प्रभात, चावला कॉलोनी स्थित शुभम की दुकान पर गया था। वहां से दोनों सेक्टर-4 स्थित एक ठेके पर पहुंचे, जहां अन्य आरोपी भी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान बजरंगी और प्रभात के बीच कहासुनी हो गई।

पुलिस का आरोप है कि कहासुनी के बाद बजरंगी, रोहित उर्फ बोना और गोलू ने प्रभात के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।