September 2, 2026

समाधान शिविरों से आमजन को राहत, शिकायतों का हो रहा त्वरित निपटारा: एसडीएम

फरीदाबाद लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनते एसडीएम डॉ. हनी बंसल

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल ने की।

शिविर में नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र (PPP), राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने बताया कि सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र में आय से संबंधित गलतियों और परिवार में नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी प्राप्त हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 8 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें लोक निर्माण विभाग (PWD) से संबंधित 2, CRID से 4 तथा राजस्व विभाग से संबंधित 2 मामले शामिल रहे। सभी शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी उद्देश्य से लघु सचिवालय में हर सोमवार और वीरवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका में नक्शा पास कराने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पुलिस से संबंधित शिकायतें समाधान शिविर में दर्ज कराई जा सकती हैं।

डॉ. हनी बंसल ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बिना किसी झिझक के समाधान शिविर में पहुंचें। उन्होंने कहा कि शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके त्वरित निपटारे का प्रयास किया जा रहा है। समाधान शिविरों में आमजन की बढ़ती भागीदारी सरकार और प्रशासन के प्रति लोगों के भरोसे को भी दर्शाती है।

शिविर में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे और नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।