September 1, 2026

मोदी-पुतिन की बिश्केक में मुलाकात, द्विपक्षीय बैठक में अहम मुद्दों पर चर्चा

बिश्केक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Bishkek/Agency: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि बैठक में भारत-रूस संबंधों के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

पुतिन से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान, किर्गिस्तान और अर्मेनिया के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से भी मुलाकात की। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की मुलाकात है।

बिश्केक में आयोजित शिखर सम्मेलन की थीम ‘शांति, विकास और समृद्धि के लिए मिलकर आगे बढ़ना’ रखी गई है। सम्मेलन में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान समेत 10 सदस्य देशों के नेता हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी बिश्केक में आयोजित होने वाले 6वें वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। उनकी यात्रा के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातों को भारत की कूटनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।