September 3, 2026

फरीदाबाद में POSH कानून और SHE-BOX पोर्टल को लेकर जागरूकता अभियान शुरू

फरीदाबाद में POSH कानून और SHE-BOX पोर्टल जागरूकता अभियान

Faridabad/Alive News: जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में फरीदाबाद में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत POSH Act, 2013 और केंद्र सरकार के SHE-BOX पोर्टल की जानकारी कामकाजी महिलाओं तक पहुंचाई जाएगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से जुड़े कानून और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी देना है। महिलाएं अपने संस्थान की आंतरिक समिति (Internal Committee-IC) या फिर SHE-BOX पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला, ब्लॉक, तहसील और नगरपालिका स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं, जिनकी जानकारी SHE-BOX पोर्टल पर उपलब्ध है।

मीनाक्षी चौधरी ने कहा कि जिन संस्थानों, कंपनियों और निजी संगठनों में 10 या उससे अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां POSH Act के तहत आंतरिक समिति (IC) का गठन अनिवार्य है। वहीं, जिन कार्यस्थलों पर 10 से कम कर्मचारी हैं या जो असंगठित क्षेत्र में आते हैं, वहां की महिलाएं सीधे लोकल कमेटी के समक्ष शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं तक यह जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे बिना किसी डर के सुरक्षित माहौल में काम कर सकें और जरूरत पड़ने पर अपने अधिकारों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।