Faridabad/Alive News: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने परिवार पहचान पत्र (PPP) में जन्म तिथि (DOB) सत्यापन को लेकर नागरिकों, विशेषकर वृद्धजनों और पेंशन लाभार्थियों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों की फैमिली आईडी में जन्म तिथि सत्यापित नहीं है, उन्हें हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की ओर से एसएमएस भेजे जा रहे हैं। ऐसे नागरिक निर्धारित समय के भीतर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
एडीसी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे बुजुर्ग, जिन्हें यह एसएमएस मिला है, वे सबसे पहले अपने नजदीकी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (पेंशन कार्यालय) में आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराएं। इसके बाद उनकी फैमिली आईडी में जन्म तिथि ऑनलाइन अपडेट की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जन्म तिथि सत्यापन के लिए 10वीं की अंकतालिका, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या कम से कम पांच वर्ष पुराना मतदाता पहचान पत्र जैसे मान्य दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

