July 13, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने किये 417 आरोपी गिरफ्तार, 47 गुमशुदा मिले, 227 पीओ व जमानत तर्क अपराधियों पर की कार्रवाई

फरीदाबाद पुलिस के विशेष अभियान के दौरान बरामद अवैध हथियार, गांजा और शराब

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 10 से 12 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया। इस दौरान थाना पुलिस, अपराध शाखाओं और अन्य विशेष इकाइयों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 417 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 47 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाशकर उनके परिजनों से मिलवाया गया, जबकि 227 उद्घोषित (पीओ) और जमानत तर्क अपराधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष फोकस रखा गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 9 मामलों में पुलिस ने 3 किलोग्राम से अधिक गांजा, 25 प्रतिबंधित इंजेक्शन और 1.3 ग्राम एमडीएमए बरामद करते हुए 9 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 17 अवैध देशी कट्टे बरामद कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए।

आबकारी अधिनियम के तहत चलाए गए अभियान में 79 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान करीब 2000 बोतल देसी और अंग्रेजी शराब तथा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

जुआ अधिनियम के तहत दर्ज 54 मामलों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1,47,590 रुपये नकद बरामद किए गए।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, शांति भंग करने और आमजन के लिए परेशानी पैदा करने वाले 57 व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, वांछित एवं जघन्य अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद पुलिस भविष्य में भी नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों, शराब तस्करों, जुआ संचालकों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रखेगी।