July 25, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने 121 गुम मोबाइल किए बरामद, CEIR पोर्टल से 20 लाख रुपये के फोन लौटाए

फरीदाबाद पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए गए 121 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपते हुए।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले एक महीने के दौरान 121 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश कुमार मोहन के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव के नेतृत्व में अपराध शाखा की साइबर सेल ने यह कार्रवाई की। टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, आधुनिक तकनीक और अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से मोबाइल फोन तलाश किए।

शनिवार, 25 जुलाई को एसीपी (अपराध) अमन यादव ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और फरीदाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई व जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए पुलिस का धन्यवाद किया।

फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि CEIR पोर्टल के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक, उसकी लोकेशन ट्रैक और बरामद होने पर उसे दोबारा सक्रिय किया जा सकता है। पुलिस लगातार इस पोर्टल की मदद से गुम मोबाइल ढूंढकर उनके मालिकों तक पहुंचा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, साइबर थाना या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद का बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें पुलिस को उपलब्ध कराया जा सके।