July 25, 2026

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर जश्न: छात्रों ने कहा- ‘सुबह हो गई मामू, जनता जाग गई’, जानें सरकार से बातचीत और अन्य मांगें

जंतर-मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मनाते छात्र और अभिजीत दीपके

New Delhi/Alive News: नीट (NEET) पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर आते ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रों ने देशभक्ति के गीत गाए, ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए और पेपर लीक के तनाव में जान गंवाने वाले छात्रों की याद में 2 मिनट का मौन रखा।

सरकार के साथ बैठक की तैयारी

​खबरों के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में बैठक होने जा रही है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह, सौरभ दास और अभिषेक रांका बैठक स्थल पर पहुंच चुके हैं।

‘इस्तीफा तो शुरुआत है, मांगें अभी बाकी हैं’: अभिजीत दीपके

​कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा:

​”लोग कहते थे कि इस सरकार में कोई इस्तीफा नहीं देता। लेकिन सच यही है कि ‘झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए’। मंत्री का इस्तीफा हो गया है, लेकिन हम ऐसे ही वापस नहीं जाएंगे। कॉकरोच की तरह एक बार घुस गए तो काम पूरा करके ही निकलेंगे।”

​CJI सूर्यकांत का धन्यवाद करते हुए दीपके ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर उन्होंने हमें ‘कॉकरोच’ न कहा होता, तो शायद यह इस्तीफा इतनी जल्दी नहीं होता।

प्रदर्शनकारियों की 4 मुख्य मांगें:

  1. धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा (यह मांग पूरी हो चुकी है)
  2. ​आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
  3. ​प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी पुलिस केस वापस लिए जाएं।
  4. दिल्ली पुलिस और RAF द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।

नेताओं की प्रतिक्रियाएँ

  • मनोज तिवारी (भाजपा सांसद): “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा छात्रों के हित को सबसे ऊपर रखते हैं। छात्र उनके फैसलों का सम्मान करते हैं और मोदी जी के कदमों से छात्रों का विश्वास हमेशा बना रहेगा।”
  • अरविंद केजरीवाल (आप नेता): “अक्सर कहा जाता है कि सरकारें कभी नहीं झुकतीं, लेकिन आज जनता के आगे सरकार को झुकना पड़ा। मैं छात्रों को बधाई देता हूं। अब सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में कभी पेपर लीक न हो।”