November 23, 2026

13वें वीकेंड अभियान में फरीदाबाद पुलिस ने 152 आरोपी गिरफ्तार किये, नशीले पदार्थ और शराब बरामद

CP Faridabad Satender Kumar Gupta

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपने 13वें वीकेंड अभियान के दौरान तीन दिनों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में 20 से 22 नवंबर तक चलाए गए इस अभियान में 587 ग्राम गांजा, 3.88 ग्राम एमडीएमए, 162 बोतल देसी शराब और 63 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके अलावा जुआ खेलने वालों से 7,010 रुपये भी बरामद हुए।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने नशा तस्करी, अवैध शराब बिक्री, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। नशे के अवैध कारोबार में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा और एमडीएमए बरामद किया गया। वहीं, अवैध शराब के मामलों में नौ लोगों को गिरफ्तार कर देसी और अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त की गईं।

जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनसे 7,010 रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 47 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 29 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलवाया।