November 23, 2026

पुरानी रंजिश के चलते गाड़ी पर फायरिंग और डंडों से हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad Crime Branch arrested three accused in an old rivalry firing case.

Faridabad/Alive News: पुरानी कहासुनी की रंजिश में एक व्यक्ति की गाड़ी पर फायरिंग करने और डंडों से हमला करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जवाहर कॉलोनी निवासी करण, पुनीत और गुरमीत के रूप में हुई है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार विजय नगर बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने थाना सारन में शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर 2026 को उसकी करण और नोनी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में विवाद सुलझाने के बहाने उसे जवाहर कॉलोनी बुलाया गया।

शिकायतकर्ता अपने एक साथी के साथ कार में वहां पहुंचा तो नोनी, करण और उनके अन्य साथी हथियारों व डंडों के साथ पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने उसकी गाड़ी पर फायरिंग की और डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सारन में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी कहासुनी का बदला लेने के लिए शिकायतकर्ता को बुलाकर हमला किया गया था। गिरफ्तार तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।