September 4, 2026

फरीदाबाद में अगस्त से शुरू होंगे राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण, रोजगार और घरेलू आय समेत कई क्षेत्रों का जुटाया जाएगा डेटा

Faridabad Cyber Cell recovered 38 lost mobile phones

Faridabad/Alive News: सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) अगस्त 2026 के दौरान फरीदाबाद जिले में विभिन्न राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण करेगा। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के उप-क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद के अधिकार क्षेत्र में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (NHIS), प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS) तथा कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (SAS) आयोजित किए जाएंगे।

सर्वेक्षण के लिए फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ तिलपत और ग्रामीण क्षेत्रों के गांव नंगला माजरा चांदपुर, फुलेरा, लतिपुर, पावटा, आलमपुर, फतेहपुर बिल्लोच सहित अन्य चयनित गांवों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षित सर्वेक्षण अधिकारी निर्धारित अवधि के दौरान घर-घर जाकर तथा चयनित प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

इन सर्वेक्षणों के माध्यम से रोजगार, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों, घरेलू आय, प्रवासन, पारिवारिक संपत्ति, ऋण और कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति से जुड़े विश्वसनीय आंकड़े तैयार किए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा नीतिगत निर्णय लेने, विकास योजनाएं बनाने और सामाजिक-आर्थिक योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में किया जाएगा।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।