July 24, 2026

फरीदाबाद में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होंगे लंबित मामलों का निपटारा

फरीदाबाद में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते डालसा।

Faridabad/Alive News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) फरीदाबाद की ओर से 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव डालसा जितेंद्र सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व न्यायालयों सहित विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए पर्याप्त संख्या में बेंच गठित की जाएंगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान करना है।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ और तेज बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए राजस्व मामलों के अलावा अन्य विवादों का भी कम समय में निपटारा किया जाएगा, जिससे लोगों को बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के शीघ्र न्याय मिल सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिनके मामले राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाए जा सकते हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान करें।