August 30, 2026

शादी से 2 महीने पहले फंदे पर मिला म्यूजिशियन, हाथ की नस कटी मिली; दवाई लेने निकला था घर से

फरीदाबाद के एनएचपीसी चौक के पास पुलिस जांच करती हुई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शादी से करीब दो महीने पहले 30 वर्षीय म्यूजिशियन का शव एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला। युवक शनिवार दोपहर घर से सिरदर्द की दवाई लेने की बात कहकर स्कूटी से निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

रविवार सुबह बाईपास रोड स्थित एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना पुलिस को मिली। सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। बाद में मृतक की पहचान सूर्या विहार फेज-3 निवासी 30 वर्षीय रवि शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

रवि के भाई मनोज शर्मा के अनुसार, रवि शनिवार दोपहर स्कूटी लेकर सिरदर्द की दवाई लेने के लिए घर से निकला था। इसके बाद उसका परिवार से संपर्क नहीं हुआ। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रातभर तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

पुलिस के मुताबिक, रवि का शव पेड़ से लटका मिला था और उसके हाथ पर भी कटने के निशान थे। एसीपी सराय संदीप मोर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों के मुताबिक, रवि जागरण कार्यक्रमों में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता था। घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और करीब दो महीने बाद उसकी शादी होनी थी। अचानक उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि रवि ने इतना बड़ा कदम उठाया।

पुलिस अब रवि के घर से निकलने के बाद के घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि वह किन जगहों पर गया था और एनएचपीसी चौक के पास झाड़ियों तक कैसे पहुंचा। घटनास्थल से मिले तथ्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।