Noida/Alive News: रक्षाबंधन पर्व 2026 पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा महिलाओं और उनके सहयात्रियों के लिए की गई निश्शुल्क बस यात्रा योजना का ग्रेटर नोएडा डिपो में जबरदस्त असर देखने को मिला। दो दिनों में डिपो से कुल 26,358 यात्रियों ने निश्शुल्क यात्रा का लाभ लिया, जिससे निगम को करीब 45 लाख 64 हजार रुपये का टिकट राजस्व छोड़ना पड़ा।
परिवहन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 27 अगस्त 2026 को ग्रेटर नोएडा डिपो से कुल 1927 महिलाओं ने निश्शुल्क यात्रा की, जिनके टिकट की धनराशि 3,17,318 रुपये रही।
इसी दिन 826 सहयात्री यात्रियों ने भी निश्शुल्क यात्रा की, जिनकी टिकट धनराशि 1,35,993 रुपये थी। इस प्रकार पहले दिन कुल 2753 यात्रियों ने 4,53,311 रुपये की निश्शुल्क यात्रा की। वहीं रक्षाबंधन के मुख्य पर्व 28 अगस्त 2026 को संख्या में भारी इजाफा हुआ।
26000 से ज्यादा यात्रियों को मिला लाभ
इस दिन अकेले ग्रेटर नोएडा डिपो से 16,524 महिलाओं ने बसों में निश्शुल्क सफर किया, जिनकी टिकट धनराशि 28,77,622 रुपये आंकी गई। साथ ही 7081 सहयात्री यात्रियों ने भी मुफ्त यात्रा की, जिनका किराया 12,33,267 रुपये था। दूसरे दिन कुल 23,605 यात्रियों ने 41,10,889 रुपये की निश्शुल्क यात्रा की।
दोनों दिनों को मिलाकर ग्रेटर नोएडा डिपो से कुल 18,451 महिलाओं और 7907 सहयात्रियों यानी 26,358 यात्रियों को सरकार की इस योजना का लाभ मिला। ग्रेटर नोएडा बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक समीना अंजुम का कहना है कि रक्षाबंधन पर बहनों को उनके भाईयों तक सुरक्षित और मुफ्त पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया गया था।

