Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भारत कॉलोनी निवासी एक 24 वर्षीय युवक के लापता होने के सात दिन बाद उसका ऑटो आगरा नहर से बरामद हुआ है। आशंका है कि युवक ने ऑटो सहित नहर में छलांग लगा दी। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम नहर में लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान मुकुल मिश्रा के रूप में हुई है। वह भारत कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
परिजनों ने बताया कि 24 जुलाई को घर में किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मुकुल रोज की तरह ऑटो लेकर काम पर निकल गया। शाम को उसने अपनी मां को फोन कर कहा कि उसका घर लौटने का मन नहीं है। मां ने उसे समझाकर वापस आने के लिए कहा।
परिजनों के मुताबिक, उसी रात करीब तीन बजे मुकुल ने अपनी मां को दोबारा फोन किया और कहा कि वह ऑटो के साथ आगरा नहर में कूदने जा रहा है। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
थाना भूपानी पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन गांव मवई के पास कठपुला पुल के निकट मिली। इसी आधार पर पुलिस और एसडीआरएफ ने नहर में सर्च अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान एसडीआरएफ की टीम को युवक का ऑटो नहर से बरामद हो गया, लेकिन अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि युवक की तलाश जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

