Faridabad/Alive News: फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के कई इलाकों में रहने वाले लोगों को अगले दो दिनों तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने बताया है कि रैनी वेल वाटर सप्लाई लाइन के इंटरकनेक्शन कार्य के चलते 2 अगस्त की रात 11 बजे से 4 अगस्त की रात 11 बजे तक यानी 48 घंटे जलापूर्ति बंद रहेगी।
एफएमडीए के अनुसार, रैनी वेल वाटर सप्लाई लाइन नंबर-2 को लाइन नंबर-1 और लाइन नंबर-2 से जोड़ने का तकनीकी कार्य बाइपास रोड स्थित सेक्टर-2 के पास किया जाएगा। इस वजह से जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखना जरूरी है।
इस दौरान बल्लभगढ़ विधानसभा और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। प्रभावित क्षेत्रों में तिरखा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, चावला कॉलोनी, मुजेसर, सेक्टर-24, सेक्टर-7, सेक्टर-8 और सेक्टर-3 शामिल हैं।
एफएमडीए ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार पहले से पर्याप्त पानी स्टोर कर लें और पानी का उपयोग सावधानी से करें, ताकि जलापूर्ति बंद रहने के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों का कहना है कि यह इंटरकनेक्शन कार्य भविष्य में शहर की जल वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा सुचारु बनाने के लिए किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति पहले से बेहतर होने की उम्मीद है।
यदि किसी नागरिक को जलापूर्ति से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो वे एफएमडीए के जलापूर्ति प्रभारी प्रवीण जेई से मोबाइल नंबर 8053822029 पर संपर्क कर सकते हैं।

