सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार के लिए नगर निगम व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऑपरेशन पूरा
Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नंबर मस्जिद चौक पर स्थित एक मस्जिद सहित सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे तीन धार्मिक स्थलों को हटाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम (MCF) और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा देर रात भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित निर्माण सड़क विस्तार परियोजना के दायरे में आ रहे थे, जिसके कारण क्षेत्र में लगातार यातायात बाधित हो रहा था। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अभियान को रात के समय अंजाम दिया गया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा तीन नंबर मस्जिद चौक की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। अर्थमूवर मशीनों की सहायता से निर्धारित निर्माणों को हटाया गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर के विकास, यातायात सुधार और अतिक्रमण मुक्त सड़कें सुनिश्चित करने के लिए यह कदम आवश्यक था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर नजर रखी जा रही है ताकि शहर में शांति और सौहार्द बना रहे।

