June 26, 2026

फरीदाबाद: ग्रीनफील्ड कॉलोनी में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : क्राईम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित एक कपड़े की दुकान से पैसे और कपड़े चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सन्नी और जतिन के रूप में हुई है, जो उत्तम नगर, दिल्ली के रहने वाले हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-82 फरीदाबाद के रहने वाले नीरज ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि ग्रीनफील्ड कॉलोनी में उनकी कपड़ों की एक दुकान है। 4 जनवरी 2026 को किसी अज्ञात बदमाश ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर वहां से कपड़े, कैमरे और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

क्राईम ब्रांच की तफ्तीश में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी सन्नी के खिलाफ दिल्ली और फरीदाबाद के अलग-अलग थानों में पहले से ही चोरी के 37 मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी जतिन पर भी 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया और उनके कब्जे से चोरी किए गए रुपयों में से 7,000 बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।