August 9, 2026

फरीदाबाद में अवैध हथियारों पर पुलिस का एक्शन, एक दिन में 5 गिरफ्तार; 5 देसी कट्टे बरामद

Faridabad Police arrests five accused with illegal country-made pistols

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 8 अगस्त 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध देसी कट्टे बरामद किए। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने दीपक (28) निवासी पल्ला को हरकेश नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। वहीं दूसरी कार्रवाई में नितिश निवासी सूरजकुंड को मेवला महाराजपुर अंडरपास के पास से पकड़ा गया और उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा मिला।

क्राइम ब्रांच AVTS की टीम ने साद (25) निवासी गांव सरूरपुर को महादेव चौक से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके अलावा क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने साहिल (21) निवासी मुजेसर को आजाद नगर झुग्गी, सेक्टर-24 क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

वहीं क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने अनुज निवासी सूरजकुंड को बाईपास रोड, सेक्टर-37 के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें अवैध हथियार कहां से मिले और इनके पीछे कौन से सप्लायर या नेटवर्क सक्रिय हैं।