Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की AVTS-2 भूपानी टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी जिस टेंपरेरी नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार था, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू निवासी निहाल कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 6/7 सितंबर की रात AVTS-2 भूपानी की टीम ने मौजपुर टोल के पास वाहन चेकिंग के लिए नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस ने टेंपरेरी नंबर वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान गाड़ी चला रहे आरोपी संजू के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना छांयसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 6 सितंबर को आरोपी अपने साथियों के साथ गांव रामपुर, मथुरा स्थित अपनी ससुराल गया था। पुलिस के अनुसार, वहां से वह हवाबाजी के उद्देश्य से अपने एक रिश्तेदार से देशी कट्टा और कारतूस लेकर आया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

