Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सेक्टर-16 से फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी के मामले में अपराध शाखा सिकरोना की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी का इस्तेमाल छायंसा थाना क्षेत्र में एटीएम उखाड़ने की वारदात में भी किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-16 निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-17 में शिकायत दी थी कि 11 और 12 अगस्त 2026 की रात उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच अपराध शाखा सिकरोना को सौंपी गई थी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 सितंबर को असलम निवासी गांव बावला, जिला नूंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी टैक्सी चलाता है। पुलिस के मुताबिक, वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से फॉर्च्यूनर चोरी करने आया था।
पुलिस के अनुसार, चोरी की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी का इस्तेमाल आरोपियों ने 13 और 14 अगस्त 2026 की रात थाना छायंसा क्षेत्र में एटीएम उखाड़ने की वारदात को अंजाम देने के लिए भी किया था।
पुलिस ने आरोपी असलम को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

