Faridabad/Alive News: जर्मनी के सुहल में आयोजित जूनियर विश्व शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले युवा निशानेबाज समीर गुलिया को मंगलवार को जिला सचिवालय में उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी कोच अनीता भी मौजूद रहीं।
कोच अनीता ने बताया कि 16 से 26 जून तक आयोजित प्रतियोगिता में समीर गुलिया ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (पुरुष जूनियर) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने समीर और उनकी कोच को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले, प्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, अनुशासन और प्रशिक्षकों का समर्पण होता है।
डीसी ने कोच अनीता के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि समीर गुलिया भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।

