Faridabad/Alive News : निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो युवकों को फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सेक्टर-62 स्थित एक मकान से बिजली की वायर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (उम्र 21) और मोहित (उम्र 19) निवासी सदर बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पी.ओ.पी. का काम करते हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-3 निवासी विनोद ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-62 स्थित उसके निर्माणाधीन मकान में वायरिंग का कार्य चल रहा था। 19 जून को अज्ञात व्यक्ति वहां से बिजली की वायर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपी क्षेत्र में काम करने के दौरान इस बात से परिचित थे कि संबंधित मकान निर्माणाधीन है और वहां बिजली वायरिंग का कार्य चल रहा है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे चोरी की गई सामग्री और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी किसी अन्य चोरी की घटना में भी शामिल रहे हैं या नहीं। रिमांड के दौरान उनसे कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

