June 23, 2026

क्राइम ब्रांच ने चोरी की स्कूटी सहित चोर को दबोचा

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेंट्रल के अधिकारी, स्कूटी चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद चोरी की स्कूटी के साथ।

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूटी को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन (उम्र 22) निवासी सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-76 क्षेत्र से चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया।

यह मामला थाना बीपीटीपी क्षेत्र का है। सेक्टर-87 निवासी विहान ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह 18 मई 2026 को अपने मित्र से मिलने जायन सोसाइटी (ZION Society) गया था। इस दौरान उसकी स्कूटी सोसाइटी के बाहर से चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर थाना बीपीटीपी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।