July 28, 2026

70 हजार का ECU कार्ड चोरी करने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार

फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में ECU कार्ड चोरी का आरोपी चालक और बरामद ECU कार्ड।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट मिक्सर ट्रक से 70 हजार कीमत का ECU (इंजन कंट्रोल यूनिट) कार्ड चोरी करने वाले चालक को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-31 पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ECU कार्ड भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-31 की टीम ने 27 जुलाई को आरोपी हरिओम को उसके गांव बढ़ीरा, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया ECU कार्ड बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 70 हजार बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से शिकायतकर्ता के यहां मिक्सर ट्रक चालक के रूप में काम कर रहा था। अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर उसने ट्रक से ECU कार्ड चोरी कर लिया और उसे अपने गांव में छिपा दिया। आरोपी उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि सेक्टर-50, नोएडा निवासी शिकायतकर्ता ने थाना सेक्टर-31 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके ट्रांजिट मिक्सर ट्रक सेक्टर-27बी स्थित नुवोको आरएमसी प्लांट में किराये पर संचालित हो रहे थे। इनमें से एक ट्रक का चालक आरोपी था, जिसने 23 जून को ट्रक से ECU कार्ड चोरी कर लिया था।