Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सेक्टर-11 पुलिस चौकी टीम ने यथार्थ अस्पताल की पार्किंग से क्रेटा कार चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पलवल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अशोक कुमार चौधरी, निवासी ऊंचा गांव, बल्लभगढ़, ने शिकायत दी कि वह 16 जून को इलाज के लिए यथार्थ अस्पताल गए थे। उन्होंने अपनी क्रेटा कार अस्पताल की पार्किंग में खड़ी की थी। इलाज के बाद लौटने पर उनकी कार वहां नहीं मिली। इसके बाद थाना सेक्टर-8 में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान यश नरवत, निवासी गांव खेड़ी कला, फरीदाबाद के रूप में की।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पिता का इलाज यथार्थ अस्पताल में चल रहा था। इस कारण वह अस्पताल में आता-जाता रहता था और वहां की पार्किंग व्यवस्था से अच्छी तरह परिचित था। आरोपी को घूमने-फिरने के लिए गाड़ी की जरूरत थी, इसलिए उसने कार चोरी की योजना बनाई।
16 जून को आरोपी चोरी के इरादे से अस्पताल पहुंचा। जब पार्किंग गार्ड ने शिकायतकर्ता की गाड़ी की चाबी लेकर वाहन पार्क करने की बात कही, तो आरोपी यह कहकर गाड़ी में बैठ गया कि उसकी गाड़ी भी पार्किंग में खड़ी है। उसने कार का नंबर नोट कर लिया।
कुछ देर बाद आरोपी दोबारा पार्किंग में आया और दूसरे पार्किंग कर्मचारी से खुद को वाहन मालिक बताकर गाड़ी की चाबी ले ली। इसके बाद वह क्रेटा कार लेकर फरार हो गया।
तकनीकी सहायता के आधार पर सेक्टर-11 पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी को 16 जून को ही पलवल से गिरफ्तार कर लिया। आगे की पूछताछ के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

