June 23, 2026

फरीदाबाद : सौतेले बाप ने ही की थी 3 वर्षीय मासूम की हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

फरीदाबाद के लकड़पुर में 3 वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में गिरफ्तार सौतेला पिता पुलिस हिरासत में।

लकड़पुर में गला रेतकर की गई थी हत्या, अपराध शाखा सेक्टर-16 ने आरोपी को दबोचा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के लकड़पुर स्थित शिव दुर्गा विहार में तीन वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए बच्चे के सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को पसंद नहीं करता था और पारिवारिक विवाद के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 21 जून को शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर स्थित एक मकान में तीन वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के नाना श्रीराम ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाती की हत्या कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर बच्चे के सौतेले पिता सुशांत निवासी एसजीएम नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

एक साल पहले की थी लव मैरिज
पुलिस जांच में सामने आया कि सुशांत ने करीब एक वर्ष पहले सुधा नामक महिला से प्रेम विवाह किया था। महिला के पहले पति से एक तीन वर्षीय पुत्र था। आरोपी बच्चे को पसंद नहीं करता था और इसी कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि सुधा अपने बेटे से मिलने के लिए बार-बार अपनी मां के घर शिव दुर्गा विहार आती-जाती थी, जिसे लेकर भी आरोपी नाराज रहता था। घटना से दो-तीन दिन पहले आरोपी अपनी पत्नी के साथ लकड़पुर आया हुआ था।

मौका मिलते ही कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार 21 जून की सुबह आरोपी ने मौका पाकर चाकू से बच्चे का गला रेत दिया और वहां से निकल गया। शुरुआत में मामला अज्ञात हत्यारे का लग रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर शक की सुई परिवार के भीतर ही घूम गई।

कोर्ट में पेश कर लिया जाएगा रिमांड
फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या फिर आरोपी ने आवेश में आकर यह कदम उठाया।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम की हत्या में सौतेले पिता की भूमिका सामने आने के बाद लोग स्तब्ध हैं।