Faridabad/Alive News : क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह पर फरीदाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला कॉलर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने 22 जून को दिल्ली के द्वारका सेक्टर-3 और निहाल विहार क्षेत्र से आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एक महिला और मनदीप (उम्र 34) निवासी निहाल विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गांव नीमका निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मई को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट एक लाख रुपये तक बढ़ाने का दावा किया। आरोपी ने बातचीत के दौरान शिकायतकर्ता से उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। कुछ ही देर बाद पीड़ित के खाते से 10,329 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी पहले दिल्ली स्थित एक कॉल सेंटर में कॉलर के रूप में कार्य करते थे। कॉल सेंटर संचालक उन्हें ग्राहकों का डेटा उपलब्ध कराता था। इसी डेटा के आधार पर वे लोगों को फोन कर क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का लालच देते थे और उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार किराए के कमरे बदलते रहते थे। दोनों आरोपी 12वीं पास हैं। महिला आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मनदीप को पूछताछ और अन्य मामलों के खुलासे के लिए 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

