November 1, 2026

भारतीय सेना के सम्मान में बल्लभगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

Faridabad/Alive News: भारतीय सेना के सम्मान में 1 नवंबर को बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 स्थित कम्युनिटी सेंटर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद और केनरा बैंक की संयुक्त पहल पर आयोजित इस शिविर में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।

कार्यक्रम में मेजर विजय पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि ईएसआईसी अस्पताल से डॉ. अत्री ने भी शिरकत की। शिविर के आयोजन में केनरा बैंक के पीयूष गोयल का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा मां भारती रक्तवाहिनी, भारत विकास परिषद, युवा राजपूताना संगठन, पार्क सहयोग ग्रुप सेक्टर-2 और डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने सहयोग दिया।

इस दौरान अतिथियों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में मदद कर सकता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में आगे आने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। सामुदायिक पुलिसिंग सेल में तैनात एचसी सुनील ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।

महिला सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक

शिविर के दौरान सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। टीम ने डायल-112, दुर्गा शक्ति ऐप और महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा की जानकारी दी।

इसके साथ ही लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।