November 1, 2026

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से किए 7-8 वार, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भूड़ कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस चौकी सेक्टर-28 की टीम ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-19 निवासी राजदीप के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, भूड़ कॉलोनी निवासी मनोज ने शिकायत में बताया कि 26 अक्टूबर की शाम करीब 8 बजे वह अपने दोस्त गौरव के साथ सेक्टर-29 स्थित भूड़ कॉलोनी में ठेके के पास खड़ा था। इसी दौरान गुड्डू नाम का युवक वहां आया और बताया कि राजदीप उर्फ सोनू उर्फ पोल वहां आ रहा है।

इसके बाद मनोज और उसका दोस्त वहां से जाने लगे तो गुड्डू ने उन्हें रोकते हुए कहा कि राजदीप उन्हें कुछ नहीं कहेगा। इसी दौरान राजदीप पीछे से आया और मनोज पर चाकू से 7-8 बार हमला कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मनोज के बीच करीब डेढ़ साल पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी राजदीप को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।