May 7, 2024

आवारा मवेशियों का गढ़ बना फरीदाबाद, आवारा पशु मुक्त शहर का अवॉर्ड भी ले चुका है जिला प्रशासन

Faridabad/Alive News : इन दिनों एनआईटी-5 की सड़कों पर डेरा डाले पशुओं का जमावड़ा आम राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। शहर की सड़को पर अवारा पशुओं का राज होने के कारण राहगीर कई बार दुर्घटना का शिकार हो चुके है। बावजूद इसके नगर निगम शहर की सड़कों को आवारा पशुओं से मुक्त कराने की बजाए झूठे कागजी दावे करने में लगा हुआ है।

इसके अलावा शहर की सड़कों पर कब्जा जमाए मवेशियों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे है। शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों और प्रमुख मार्गों पर आवारा पशु हादसों को न्योता दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से आवारा मवेशियों को पकड़ने और उन्हें शहर से बाहर करने की कोई कार्रवाई नही की जा रही है। नगर निगम की लापरवाही के चलते शहरवासी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

बात दें, कि कुछ सालों पहले नगर निगम ने स्मार्ट सिटी को आवारा पशु मुक्त होने का दावा करते हुए अवार्ड भी लिया था। लेकिन शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं का राज देखकर ऐसा लगता है कि निगम का यह दावा भी कागजों में सिमटकर रह गया है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने पहली योजना में सत्ता संभालते ही नगर निगम के अंतर्गत गोशालाओं के निर्माण की घोषणा की थी और इस घोषणा के बाद करीब एक दर्जन गोशालाओं का फरीदाबाद में निर्माण होना था। लेकिन कुछ गोशालाओं का निर्माण हुआ। जो शहर में आवारा पशुओं की संख्या के हिसाब से नाकाफी है। हरियाणा सरकार की योजनाओं के तहत जिन गोशालाओं में गोवंश रह रहे है उनकी भी देखभाल सही से नहीं हो रही है।