May 5, 2024

कांग्रेस ने यूपी चुनाव से पहले पार्टी में की बड़े फेरबदल की तैयारी, निष्क्रिय पदाधिकारियों को दिखा सकती है बाहर का रास्ता

Lucknow/Alive News : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी चुनाव से पहले कमेटी में बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ने वाले पदाधिकारियो की जिम्मेदारियां कम करने की तैयारी में है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में भी है। नई सूची पर मंथन चल रहा है, जल्द ही औपचारिक घोषणा होगी।

दरअसल, जब से महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी की प्रभारी बनी हैं, तब से संगठन की सक्रियता पर विशेष जोर है। उनके समय में सबसे पहले पीसीसी को छोटा किया गया, ताकि आसानी से बैठक हो सके। अब तक कुल तीन बार कमेटी में बदलाव किया गया है। हर बार ही कुछ पदाधिकारियों को कमेटी से बाहर कर दिया गया। हटाए जाने वाले पदाधिकारियों के नामों का जिक्र नहीं किया जाता है। इस तरह के निर्णय का आधार सिर्फ निष्क्रियता बताया जाता है।

सूत्रों के मुताबिक हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में शामिल कई नेताओं को चुनाव लड़ने की हरी झंडी दी है। इनमें से कई नेताओं पर वर्तमान में 7-8 से ज्यादा जिलों का भी प्रभार है। जहां जाकर उन्हें किए गए कामों की रिपोर्टिंग हाईकमान को करनी होती है।

चुनाव की तैयारियों में व्यस्त होने के चलते उन्हें इन जिलों की जिम्मेदारी निभाने में मुश्किल होगी। इसलिए इन पदाधिकारियों के प्रभार वाले जिले कम किए जा सकते हैं। संगठन का काम ठीक से न करने वाले और जन आंदोलनों से दूर रहने वाले पदाधिकारियों को हटाया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार पार्टी ने फेरबदल की सूची तैयार कर ली है। प्रियंका गांधी की औपचारिक मुहर लगते ही इसे जारी कर दिया जाएगा।