July 30, 2026

फरीदाबाद में किराए के कमरे से युवक का सड़ा-गला शव मिला, गले पर कट के निशान; हत्या की आशंका

फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में किराए के कमरे के बाहर जांच करती पुलिस टीम।

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अनंगपुर गांव में एक किराए के कमरे से एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की गर्दन पर गहरे कट के निशान मिले हैं, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों को एक कमरे से तेज बदबू आने लगी। उन्होंने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक के बेटे अरुण मौके पर पहुंचे। कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, इसलिए पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर करीब 35 से 40 वर्ष के एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और कमरे में तेज दुर्गंध फैली हुई थी।

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन मृतक की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। जांच में पता चला कि यह कमरा करीब 15 से 16 दिन पहले मध्य प्रदेश की रहने वाली अनीता नाम की महिला ने किराए पर लिया था। उसने किराए के समय अपना आधार कार्ड और मोबाइल नंबर भी जमा कराया था।

मकान मालिक के बेटे ने पुलिस को बताया कि महिला पिछले करीब पांच दिनों से कमरे पर नहीं आई थी और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। वहीं, अन्य किराएदारों ने बताया कि उन्होंने मृतक को पहले कभी नहीं देखा था।

पुलिस को शव की गर्दन पर गहरे कट के निशान और आसपास खून के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि किसी तेजधार हथियार से हत्या की गई है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

सूरजकुंड थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है और उसके आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही आसपास के लोगों और किराएदारों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।