Faridabad/Alive News: दिवाली पर पटाखों का धुआं और तेज आवाज गर्भवती महिलाओं के लिए परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में त्योहार की खुशियों के बीच उन्हें अपनी और गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। डॉक्टरों ने गर्भवती महिलाओं को पटाखों से दूर रहने, खानपान में सावधानी बरतने और पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है।
एक निजी अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. सबिता कुमारी ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को पटाखे जलाने और उनके आसपास जाने से बचना चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं और प्रदूषण सांस लेने में परेशानी पैदा कर सकता है। अधिक प्रदूषण वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें और घर में हवा आने-जाने की उचित व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान अधिक भागदौड़, देर रात तक जागने और लंबे समय तक खड़े रहने से बचें। समय पर भोजन करें और पर्याप्त पानी पीते रहें। हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पीड़ित गर्भवती महिलाएं खानपान और दवाइयों का विशेष ध्यान रखें।
वहीं, बीके नागरिक अस्पताल के कार्यकारी पीएमओ विकास गोयल ने गर्भवती महिलाओं को त्योहार के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को पटाखों के धुएं से दूर रहने, भीड़भाड़ और अधिक प्रदूषण वाले स्थानों पर जाने से बचने तथा पर्याप्त आराम करने पर ध्यान देना चाहिए। दीये जलाते समय सूती कपड़े पहनें और आग से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी तरह की परेशानी, सांस लेने में दिक्कत या असहजता होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

