Faridabad/Alive News: दीपावली पर पटाखों से झुलसने वाले मरीजों को अब बीके नागरिक अस्पताल में अलग वार्ड की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में 10 बेड का बर्न वार्ड तैयार कर दिया गया है। इससे पहले बर्न वार्ड की जगह डे केयर कैंसर वार्ड बना दिया गया था। ऐसे में झुलसने वाले मरीजों को दूसरे वार्डों में भर्ती करना पड़ता था।
अस्पताल के दूसरे तल पर तैयार किए गए इस वार्ड में झुलसे मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाएगा। इसके अलावा दीपावली के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी विभाग में हर शिफ्ट में दो डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी बुलाया जा सकेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहुजा ने बताया कि त्योहार को देखते हुए अस्पताल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में मरीज और परिजन स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0129-4055001 और 0129-4166377 पर संपर्क कर सकते हैं।

